Monday, July 14, 2025

क्या खूब कयामत आई है

 

वो पूछ रहे हैं लोगों से

क्यों महफिल में तन्हाई है

आज मोहब्बत में हमने

अरमानों की चिता जलाई है।

 

दुनियावाले क्या बयां करेंगे

अफ़साने रुसवाई के

दिल के ज़ख्म बताते हैं

क्या खूब कयामत आई है।

 

ख़ाक हो चुके अरमानो की

आज नुमाइश मे आए हैं

उनसे कह दो अब

अरमाँ नही बाकी कोई इस दिल में।

 

जिन ख्वाबों पे हक था

उनके दामन की परछाई का

अरमानों के साथ जला आए हैं

उनकी महफिल में।

 

जिंदगी आज फिर

मौत से लड़ आई है

दिल के ज़ख्म बताते हैं

क्या खूब कयामत आई है।

 

कुछ साथ गुजारे लम्हों की

यादें अब साथ निभाएंगी

शहनाइयों के मौसम में

आँसू आँखों मे लाएंगी।

हर बार बहल जाएगा दिल

एक प्यार भरे अफ़साने से

कोई मीत के प्रीत की दीवानी

जब गीत वफ़ा के गाएगी ।

 

यार दोस्त सब बेगाने

बस अपनी इक तन्हाई है

दिल के ज़ख्म बताते हैं

क्या खूब कयामत आई है ।

रंगो की इस बहार में

 

रंगो की इस बहार में

इक रंग की कमी है।

वो रंग जिसमें तेरी

चाहत की नमी है।

अंबर भी लाल हो रहा

धरती भी गुलाबी है

यादों से तेरी दिल की

आज महफ़िल सजी है।

 

तेरे बिना तन्हाइयों के

संग संग हूँ मैं

रंगों की इस फुहार में

बेरंग ढंग हूँ मैं।

मेरी खुशी पे मुस्कुराने वाले

क्या जानें

इक मुस्कान के पीछे

कितने आँसुओं की हँसी है।

 

ख़्वाब में कभी इक ख़्वाब

देखा था मैंने

एक हँसी आरजू को

दिल के पास देखा था मैंने।

पूरी न हो सकी जो हसरतें

तो गम नही

वो खुश हैं इसी में मेरे

जीवन की खुशी है।

दूर चले जायेंगे

 

इतना तुम्हारी नजरों से दूर चले जायेंगे

तुमको याद भी हम न कभी आएंगे

होके तुमसे जुदा अब करें क्या बयां

सारी दुनियां को भी छोड़ जाएंगे।

 

मेरे दिल में अपना आशियाँ बनाने वाले

मेरे दामन को खुशियों से महकाने वाले

तुम जीने लगे क्यों किसी और के लिए

जीने की आस मेरे दिल में जगाने वाले

 

बेरहम भी हम ना तुम्हें कह पाएंगे

तुमको याद भी हम ना कभी आएंगे।

 

तुम्हारे नाम की अब कोई सदा न होगी,

हमारी धड़कनों में भी अब वफ़ा न होगी।

हम हँसते रहेंगे, पर टूटे रहेंगे,

फिर किसी से दिल लगाने की खता न होगी।

 

ना शिकवा करेंगे, ना इल्ज़ाम देंगे,

बस खामोशी से दुआओं में नाम देंगे।

तेरे हिस्से की खुशियाँ तुझ तक पहुँचें,

हम अपने आँसुओं से वो पैग़ाम देंगे।

 

तुम्हें कोई ग़म मिले ये भी न सह पाएंगे

तुमको याद भी हम ना कभी आएंगे।

सत्य का आलोक

आदि से सत रहा है, रहेगा सदा, ये असत का अंधेरा बस अज्ञान है। बोध से यदि प्रकाशित हो अंतरनयन, तभी अज्ञानता का अवसान है। हिंदुस्थान की धन्य, पा...