आदि से सत रहा है, रहेगा सदा,
ये असत का अंधेरा बस अज्ञान है।
बोध से यदि प्रकाशित हो अंतरनयन,
तभी अज्ञानता का अवसान है।
हिंदुस्थान की धन्य, पावन धरा,
सत के प्रतिमान लाखों-हजारों हुए।
एक महात्मा ने सत्य का आग्रह किया,
जग है साक्षी, समय को अभिमान है।
मैं रहूँ, तुम रहो, सारी सृष्टि रहे,
हो न संघर्ष, न कोई मतभेद हो।
पर उपकार की भावना सर्वदा,
ना कलुषित मनस, न कोई खेद हो।
अश्रु हों नेह के, दुख के सागर नहीं,
ना कभी पीर का कोई मोती चुने।
रात हो मधुमयी, काल श्रापित नहीं,
हर घड़ी उन्नति का सपना बुने।
मन हो निर्मल, हृदय हो अतिउदार,
ना कोई छलकपट, ना कोई द्वेष हो।
प्रेम की धारा बहे हर दिशा में सदा,
जन जन के अंतर में प्रकाश विशेष हो।
आने वाला कल हो करुणा से भरा,
जहाँ विज्ञान और धर्म संग-साथ हो।
हर जन के जीवन में मुस्कान खिले,
वसुधा पर शांति की मधुर प्रात हो।