Sunday, February 18, 2024

मैं वह नहीं हूँ

 क्यों लगता है कि

मेरे अलावा भी मैं कहीं हूँ,

जबकि जो मेरा है मैं वह नहीं हूँ।

 

फट गए पृष्ठ जिन पर थे भाव लिखे,

क्षणभर को आँखों में आँसू दिखे,

वो मेरे श्रम का साकार सुंदर

गाँव में मिट्टी का कच्चा घर,

बारिश में अबकि जो ढह गया,

मेरा था पर क्या मैं बह गया ?

 

क्यों लगता है कि मेरे श्रम, मेरे संकल्प

के अलावा भी मैं कहीं हूँ,

जबकि जो मेरा है मैं वह नहीं हूँ।

चंचल, चहकती, चमकती, दमकती

हवा में खुशबू सी उड़ती महकती,

भगिनी, सुता सखी, सजनी, सलोनी,

नैनों में छिपकर न बाहर निकलती,

दैव दारुण नियति कर गई अपहरण,

सोच में हूँ, क्यों बाकी है मेरा आवरण।

 

क्यों लगता है कि मेरे हर्ष, मेरे विषाद

के अलावा भी मैं कहीं हूँ,

जबकि जो मेरा है मैं वह नहीं हूँ।


-देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'

No comments:

Post a Comment

सत्य का आलोक

आदि से सत रहा है, रहेगा सदा, ये असत का अंधेरा बस अज्ञान है। बोध से यदि प्रकाशित हो अंतरनयन, तभी अज्ञानता का अवसान है। हिंदुस्थान की धन्य, पा...