ये कैसा तेरा सावन है
न बारिश है न झूले हैं
न पवन झकोरे रिमझिम है
न पनियारी के मेले हैं।
खेतों में पड़ गई दरारें
पानी पानी धरा पुकारे
दिन में धूप रात में गर्मी
शीतलता की राह निहारें
ताल सरोवर सूख रहे हैं
बादल नभ से रूठ रहे है
कब बरसेगी कृपा तुम्हारी
कृषक इंद्र से पूछ रहे हैं।
सूखे की नौबत आएगी
हरियाली सब खो जाएगी।
त्राहिमाम कर उठे हैं प्राणी
कब विपत्ति हल हो पाएगी।
हे इंद्र सुनो न मौन धरो
वारिधि को दे आदेश कहो
जल बिन जीवन अकुलाया है
संतृप्त धरा की प्यास करो।
No comments:
Post a Comment