हाल बेहाल है तन का
मिलावट के निवालों में
निरंतर भीड़ बढ़ती जा रही है
अस्पतालों में।
देखकर हाल धरती का
विधाता भी हैरां है
उलझ कर फँस गई दुनिया
ये कैसे जंजालों में।
छुप रातों के अंधेरों में
कभी थी चोरियां होती
लोग सरेआम लुट जाते हैं
अब दिन के उजालों में।
तू इतनी देर तक कहाँ रही
किस हाल में बेटी
बड़ी घबराहट नजर आती है
माँ के इन सवालों में
किताबें लायी थी एक हाथ का
कंगन बेचकर माँ
मैं ऐसे ही नही पहुंचा
सितारों के जमालों में।
वो घर से दूर है लेकिन
ये घर उसका भी तो है
नाम उसका लिख दिया
क्यों घर से निकालों में।
अजब सी धारणा
कैसा गज़ब का चलन है ये
सिक्के और नोट रखे जाते हैं
पूजा की थालों में।
रोशनी इंक़लाब की
तनिक भी कम न होने पाए
साथी जल गए अब तक
कितने ही मशालों में।
-देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'
No comments:
Post a Comment