Thursday, June 19, 2025

आदमी है कि रोज घटा जा रहा है

छोटे छोटे हिस्सों में बंटा जा रहा है
आदमी है कि रोज घटा जा रहा है।

शिकायत थी कि मछलियां नही हैं
तालाब मछलियों से पटा जा रहा है।

कौन से वादे पर ख़ुश हो रहे हैं लोग
जो हकीक़त से ध्यान हटा जा रहा है।

बेटे को नए कपड़े है दिलाता हर माह
ख़ुद का कुर्ता कब से फटा जा रहा है।

जो सालों से तेरा हाथ थामे चला है
अब क्यों अचानक कटा जा रहा है।

मकान टूट जाएगा चौड़ीकरण में 
जो सड़क से इतना सटा जा रहा है।

नोट पर नाम लिखकर रखा ही क्यों 
दिल डूबा और नोट फटा जा रहा है।

बवाल से अगर सभी पीछे हट गए
तो नया कौन है जो डटा जा रहा है।

कभी अमीरों को पूरा होता ही नहीं
गरीबों को है कि अटा जा रहा है।

इस बालक को मतलब भी समझाइए
जस का तस सब कुछ रटा जा रहा है।

खेत से दस का ले सेठ ने सौ का बेचा
किसान है कि रात दिन खटा जा रहा है।

          -देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'

No comments:

Post a Comment

सत्य का आलोक

आदि से सत रहा है, रहेगा सदा, ये असत का अंधेरा बस अज्ञान है। बोध से यदि प्रकाशित हो अंतरनयन, तभी अज्ञानता का अवसान है। हिंदुस्थान की धन्य, पा...