नींद को एक प्यारी सी
लोरी सुनाएं
अंधेरे को चल हम
उजालों में लाएं।
एक बीज छोटा
धरा में दबा है
अंधेरे में पाला
संवारा हुआ है।
मिट्टी की तह में है
जड़ फूटती
नवांकुर उभर कर
आया हुआ है।
जड़ें जितनी गहरी
है जाती तिमिर में
शज़र नभ में ऊपर
छाया हुआ है।
नित धूप हल्की
हवा और पानी
देकर शज़र का
जीवन बचाएं।
अंधेरे को चल हम
उजालों में लाएं।
सृजन सृष्टि का तम में
होता है हर पल
शिशु गर्भ में
प्राण पाए है तम में।
हजारों सुमन झूम कर
गा उठे हैं
तम ने हंसकर
खिलाये चमन में।
निशा ढल रही है
जहां सो रहा है
पहर जुगनुओं का
जागा हुआ है।
पूरी हुई तम की
सारी ख़्वाहिश
उठो प्रात का
अब सूरज बुलाये।
अंधेरे को चल हम
उजालों में लाएं।
-देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'
No comments:
Post a Comment